न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रदेश सरकार के स्वराज अभियान के तहत सोमवार को नगर आयुक्त नगला कलार पहुंचे। यहां पर गंदगी देखकर नगर आयुक्त का पारा चढ़ गया। गंदगी और शौचालय निर्माण की खराब प्रगति पर स्वच्छता निरीक्षक को जमकर फटकार लगाई। इसके साथ ही चौपाल लगाकर सरकार की योजनाओं को भी गिनवाया।
अभियान के तीसरे दिन नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने नगला कलार खैर बाईपास के निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने, नालियों की नियमित सफाई न होने व क्षेत्र में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की खराब प्रगति पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्वच्छता निरीक्षक अनिल कुमार को कड़ी फटकार लगायी।
उन्होंने दो दिन में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 30 अप्रैल तक व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए दायित्व निर्धारित करते हुए लापरवाही बरतने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी को विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पांच मई तक चलने वाले अभियान के संबंध में बताया कि 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक नगला कलार, 19 से 23 अप्रैल तक इंद्रानगर, 24 से 27 अप्रैल तक सराय गढ़ी, 28 अप्रैल से 1 मई तक डोरी नगर, दो मई से पांच मई तक नौरंगाबाद में अभियान चलेगा। अभियान में अधिशासी अभियंता रमाकांत राम, अवर अभियंता एनके कनौजिया, हजारी लाल, अहसन रब आदि साथ थे।