न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
स्थानीय रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा कोल, गभाना, खैर व इगलास के प्रधानाचार्यों की शैक्षिक संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें मुख्य अतिथि जेडी जितेंद्र कुमार मलिक थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने की। इस मौके पर प्रधानाचार्योें को नये सत्र के संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत जेडी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण पर की। इस मौके पर डीआईओएस ने विद्यालयों में पौधरोपण, एनसीईआरटी की पुस्तिकाओं का विद्यालयों में प्रचलन, नवीन सत्र में शैक्षिक कलेंडर के अनुसार पठन-पाठन, छात्र-छात्राओं के अधिक से अधिक संख्या में नामांकन, छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड लिंक कराना, विद्यालयोें में खेलकूद प्रतियोगिता, विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन जैसे कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई।
डीआईओएस ने इस मौके पर कहा कि नकल विहीन परीक्षा तो हमने करा ली हैं। अब हमारा उत्तरदायित्व है कि गुणवत्तापरक शिक्षा छात्र-छात्राओं को दिलाई जाए, जिससे कि उन्हें परीक्षा में नकल का सहारा न लेना पड़े। जेडी ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि वह फर्जी परीक्षार्थियोें को विद्यालयोें में प्रवेश न दें।
उन्होंने विद्यालयोें में शैक्षिक पंचांग के अनुसार ही पढ़ाई कराने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर 104 विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद थे। संचालन ठा. बुद्धपाल सिंह इंटर कॉलेज जिरौली हीरा सिंह के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार शर्मा ने किया।
इस मौके पर सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय, माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक ज्ञानचंद शर्मा, नौरंगीलाल जीआईसी के प्रधानाचार्य शीलेंद्र कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज नरौना की प्रधानाचार्य अंजलि अग्रवाल, प्रदीप कुमार आदि मौजूद थे।