न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सारसौल स्थित साईं मंदिर पर 13 वां साईं परिक्रमा महोत्सव 21 से शुरू होकर 23 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान मंदिर की 72 घंटे तक लगातार परिक्रमा दी जाएगी। परिक्रमार्थियों की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधक कमेटी ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप प्रदान कर जिम्मेदारी सौंपी हैं।
मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रमुख धर्मप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि साईं बाबा के 100 वें महासमाधि शताब्दी वर्ष में सिद्ध पीठ साईं मंदिर पर 21 से 23 जनवरी तक रात दिन परिक्रमा दी जाएगी। इसके लिए पूरे नगर में स्वागत द्वार बनाए गए हैं।
मंगलवार की प्रात: पांच बजे बाबा की पूजा अर्चना के बाद परिक्रमा शुरू होगी। 72 घंटे तक परिक्रमा के दौरान मंदिर खुला रहेगा। मंदिर को वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा सजाया जाएगा।
सर्व व्यवस्था प्रमुख कुलसुमन गोयल ने बताया कि इस बार परिक्रमा में बने मेडिकल कैंप में साईं मेडिकल कालेज के डॉक्टर वीके टंटेला एक्यूप्रेशर के द्वारा परिक्रमार्थियों को दर्द से मुक्ति देंगे। सुरक्षा की दृष्टि से परिक्रमा परिसर में छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इसके अलावा मंदिर के लोगों को भी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही महिला-पुरुष पुलिसकर्मी परिक्रमा मार्ग में तैनात रहेंगे। प्रेसवार्ता में प्रमोद अग्रवाल, प्रवक्ता धीरज पंकज, राजा राजानी, गिरीश गोविल, राजकुमार गुप्ता, रमेश चंद, प्रेमकांत माहेश्वरी, रवि प्रकाश, हरिकिशन मुरारी आदि मौजूद थे।