हवन किया, गंगाजल से कार्यालय शुद्ध कर फिर ली शपथ
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
अतरौली नगर पालिका के भाजपाई चेयरमैन पवन वर्मा ने मंगलवार को मंत्रोच्चार के साथ हवन में आहुति दी। चेयरमैन कक्ष समेत नगर पालिका के हॉल और कार्यालयों में गंगाजल का छिड़काव शुद्धीकरण किया गया। इसके बाद अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ ही सभी 25 सभासदों को एसडीएम शिवकुमार ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एटा सांसद राजवीर सिंह भी शपथ ग्रहण में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म से ऊपर उठकर ऐसा विकास करें कि अतरौली की ‘भगवा’ पहचान बन जाए।
उन्होंने ईओ सुरेंद्रपाल सिंह से कहा कि अतरौली को अधिक समय देकर जनता की समस्याओं का निस्तारण कराएं। शपथ ग्रहण से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कक्ष के सामने हवन किया गया। पालिका भवन में गंगाजल छिड़ककर शुद्धीकरण कराया गया। अध्यक्ष के कक्ष से सभी पुरानी कुर्सियां, मेज हटाकर 27 नई कुर्सियां और नई मेज रखवाई गईं। संचालन नवीन जैन ने किया।
शपथ ग्रहण समारोह में जिलाध्यक्ष चौ. देवराज सिंह, चौ. ऋषिपाल सिंह, पूर्व चेयरमैन साजिदा बेगम, मनोज कुमार पूर्व प्रमुख, साहब सिंह राजपूत, नवाब सिंह एडवोकेट, जेपी राजपूत, प्रफुल्ल गुप्ता, रामकुमार आर्य, रोहित वर्मा, प्रशांत गुप्ता गोलू, विजय मंगल गुप्ता, संजय वाल्मीकि, डॉ. सतीश वर्मा, लता वर्मा, ममता ठेनुआं, शोभा देवी, भरत राजपूत, यज्ञपाल सिंह, गेंदालाल वर्मा, पूरन सिंह वर्मा, डॉ. पुष्पेंद्र लोधी, जगदीश वीके राना, पूरन सिंह ब्रह्मचारी, प्रशांत मुद्गल, रामकुमार आर्य, पूरन सिंह, पुनीत गुप्ता, डॉ. ब्रह्मदेव, राजू लोधी, चंद्रशेखर राजपूत, राजकुमार मौजूद रहे।
- गंगाजल छिड़कने का मकसद शुद्धिकरण नहीं होगा। हवन के बाद आचार्य ने यज्ञ स्थल पर ही गंगाजल का छिड़काव किया गया होगा। कार्यालयों में गंगाजल का छिड़काव नहीं किया गया होगा। मैं शपथ ग्रहण के समय पहुंचा था। - सुरेंद्र पाल, ईओ।