जानलेवा गड्ढे को मिट्टी से भरा, गुस्साए लोगों का प्रदर्शन
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। भैया दूज पर एक बहन की जान लेने वाले गहरे गड्ढे को स्थानीय लोगों ने भरवा दिया। गुस्साए लोग सुबह जल निगम के ठेकेदार को पकड़ कर लाए और मिट्टी डलवाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग एक महीने पहले ही पानी की पाइप लाइन डालने के लिए जीटी रोड को खोदा गया था। इसके बाद पानी लीकेज होने से सड़क धंस गई और गहरा गड्ढा होता गया। अब ये गड्ढा काफी बड़ा हो गया है। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी इसे भरा नहीं गया। जिसकी वजह से यहां रोजाना सड़क हादसे हो रहे हैं।
स्पीड से आ रहे वाहन सवारों का अचानक गड्ढे के सामने संतुलन बिगड़ जाता है। जिससे वह गिर जाते हैं। सबसे ज्यादा घटनाएं दोपहिया वाहनों के साथ हो रही हैं। गौर हो कि भैया दूज के दिन धनीपुर ब्लाक कार्यालय के सामने जीटी रोड पर हुए गहरे गड्ढे ने गुड्डी नाम की महिला की जान ले ली थी। गुड्डी अपने बेटे अंकुश के साथ भाई राजेश को टीका लगाने के लिए मथुरा जा रही थीं।
बाइक चला रहे अंकुश का संतुलन अचानक सामने आए इसी गड्ढे पर बिगड़ा और दोनाें गिर गए। जिसमें उपचार के दौरान गुड्डी ने एएमयू के जेएन मेडिकल कालेज में दम तोड़ दिया था। शनिवार के इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में जिला प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। रविवार को स्थानीय लोगों ने हादसों से वाहन सवारों को बचाने के लिए यहां पर पोस्ट आफिस का लेटर बाक्स रख कर लाल झंडा लगाया। जिसकी खबर मिलते ही डाककर्मी उसे वहां से उठा ले गए। इसके बाद मिट्टी डलवाई गई।
बयान--
हम सब लोगों ने सुबह जल निगम के ठेकेदार से इसकी शिकायत करने के बाद मिट्टी डलवाई है। लाल झंडा लगवाया है। अब वाहन सड़क के किनारे से निकल रहे हैं। अधिकारियों को शायद कुछ दिखाई नहीं देता है।
-हरिओम
लगातार अधिकारियों की गश्त हो रही है। धनीपुर हवाई पटटी जाने वाले यहीं से गुजरते हैं, लेकिन किसी का ध्यान इस पर नहीं है। इसी वजह से हादसा हुआ है। यहां रोज वाहन गिरते हैं और लोगों को चोट लगती है।
-देवेंद्र
हम कुछ लोगों ने एक धार्मिक आयोजन के लिए कुछ पैसे जोड़े थे, अगर प्रशासन ने जल्द ही गड्ढा नहीं भरवाया तो हम सब लोग चंदे की रकम और दूसरे लोगों से सहयोग मांग कर इसे ठीक कराएंगे।
-विजेंद्र कुमार वार्ष्णेय