हरदुआगंज पुलिस ने पकड़ा चलता फिरता डीजल पंप
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
हरदुआगंज। मुखबिर की सूचना पर जवां रोड से थाना पुलिस ने अवैध रूप से चल रहे मोबाइल डीजल पंप सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की सूचना पर पहुंची जिला आपूर्ति विभाग की टीम शुक्रवार को कागजात दिखाने की बात कहकर लौट गई।
गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे थाना पुलिस को सूचना मिली कि टैंपो नुमा गाड़ी में डीजल मशीन रखकर अवैध रूप से डीजल की बिक्री हो रही है, गाड़ी इस समय जवां रोड पर हैं। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पकडे़ गए युवकों ने अपना नाम दीपक पुत्र कल्याण सिंह निवासी अतरौली व फिरोज पुत्र शमशाद निवासी गोंडा रोड अलीगढ़ है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह खैर रोड स्थित यश फ्यूल पंप की ओर से कासिमपुर व क्षेत्र की सीमेंट फैक्ट्री में डीजल सप्लाई करते हैं।
जब उनकी बात थानाध्यक्ष के गले नहीं उतरी तो उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर पूर्ति निरीक्षक नवल सिंह आजाद अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने जांच करने के दोनों को शुक्रवार को कागजात दिखाने की बात कही। एसओ डा विनोद कुमार ने बताया कि टैंपो में डीजल मशीन व करीब दो हजार की क्षमता वाला डीजल टैंक है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि पकड़े गए लोगों से इस तरह डीजल की बिक्री से संबंधित कागजात शुक्रवार को दिखाने के लिए कहा गया है। यदि वह कोई कागजात नहीं दिखा सकेंगे तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।