अब कोरोना शहर के गली-मोहल्लों में पहुंच गया है। 36 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसमें जेएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर से लेकर छात्र आदि शामिल हैं। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 60 तक पहुंच गई है।
मंगलवार को जेएन मेडिकल कॉलेज एवं प्राइवेट लैब से रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के माथे पर पसीना आ गया है। 36 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें एक साल का बच्चा भी शामिल है। चिंता की बात यह है कि कोरोना कुछ खास इलाकों से निकल कर शहर के गली-मोहल्लों में पहुंच गया है।
जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर सहित तीन लोग संक्रमित हैं। वहीं एक हॉल का एक छात्र भी संक्रमित पाया गया है। इकरा कॉलोनी में सबसे अधिक पांच केस सामने आए हैं। वहीं ज्वालापुरी में तीन लोग संक्रमित हैं। मैरिस रोड पर तीन लोग संक्रमित हैं। अहमदी स्कूल, विद्यानगर और केला नगर में दो-दो लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। ग्रामीण बैंक धौर्रा माफी का एक कर्मी भी संक्रमित है। श्रीरामपुरम, सराय हकीम, शताब्दीनगर क्वार्सी चौराहा, विक्रम कॉलोनी, रसलगंज, धौर्रा माफी, रामघाट रोड, एडीए कॉलोनी में भी कोरोना दस्तक दे चुका है। संक्रमित लोगों में 13 महिलाएं हैं।
मरीजों के घर पर चस्पा किया जा रहा पोस्टर
मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। कोरोना से संक्रमित मरीजों के घर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा पोस्टर चस्पा किया जा रहा है। कंट्रोल रूम से स्वास्थ्यकर्मी मरीजों के घर पहुंचकर प्रोटोकॉल के अनुसार सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं। इसके साथ ही दवाएं भी दे रहे हैं। एक मरीज ने बताया कि उसके पास लखनऊ से कई फोन आए है। उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं।