जिला योजना समिति की बैठक में मौजूद प्रभारी मंत्री राजकिशोर सिंह, डीएम डाॅ. बलकार सिंह, सपा विधायक ठा. राकेश सिंह, रालोद विधायक भगवती प्रसाद सूर्यवंशी व अन्य।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
अलीगढ़ । मात्र 45 मिनट में ही जिले के विकास का 329.12 करोड़ रुपये का प्लान अनुमोदित हो गया। जिले के प्रभारी मंत्री एवं लघु सिंचाई, पशुधन तथा पंचायती राज मंत्री राजकिशोर सिंह की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक में गत दिवस हुई जिला पंचायत बोर्ड बैठक में पारित हुए बजट प्रस्तावों को मामूली फेरबदल के बाद हरी झंडी दे दी गई। बजट में सबसे ज्यादा जोर जनपद की खराब सड़कों के निर्माण पर रहा।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण के लिये जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को शामिल किया जाए। इसके बाद सड़क की जर्जरता को देखते हुए वरीयता क्रम में सड़कों का निर्माण कराया जाए। इस मौके पर पेयजल समस्या के निवारण के लिये विधायकों को 20-20 तो सदस्यों को 10-10 हैडपंप देना तय हुआ तो इन सभी को 20-20 सोलर लाइटें दिलवाने की भी बात हुई। पशुपालन चिकित्सालय हजियापुर के अपग्रेडेशन की बात भी हुई। इसके लिये 31 लाख का बजट का प्रस्ताव पारित किया गया।
विधायक जमीर उल्ला ने जट्टारी की पुरुषोत्तम गौशाला में मौजूद दो हजार गायों की दुर्दशा का हवाला देते हुए पास की चारागाह की जमीन को पट्टे पर देने का प्रस्ताव रखा। इस पर प्रभारी मंत्री ने डीएम को विधि सम्मत कार्रवाई को कहा। इस मौके पर मंत्री ने जिले में तीव्र गति से चल रहे विकास कार्यो एवं प्रदेश में सबसे पहले तैयार हुई जिला योजना के लिये डीएम डा.बलकार सिंह, सीडीओ धीरेंद्र सचान एवं डीएसटीओ शीश कुमार समेत अन्य अफसरों की जमकर तारीफ की। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सपा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव, नगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।