न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
आज आने अंतरिम बजट में देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे मातरम् एक्सप्रेस के ठहराव, किराया, गति और दूसरी घोषणाएं हो सकती है। दिल्ली से बनारस के बीच चलने को प्रस्तावित इस ट्रेन को अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर, इलाहाबाद में ठहराव मिल सकता है। क्योंकि इन शहरों के आसपास के कई लोकसभा क्षेत्रों के लाखों मुसाफिरों को केंद्र सरकार तोहफा दे सकती है।
मोदी सरकार ने बुलेट ट्रेन चलाने का वादा किया था और इसके लिए जापान से करार हुआ था। इस वादे को पूरा करने में अभी वक्त तब तक स्वदेश निर्मित वंदे मातरम एक्सप्रेस की सौगात दी जा सकती है।
सांसद सतीश गौतम को भी इस ट्रेन के अलीगढ़ में ठहरने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए प्रयासरत है। इसके साथ डाउन रूट पर कानपुर दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस को भी ठहराने का प्रयास जारी है।
इस बजट में जीएसटी में और सरलीकरण करने के प्रस्ताव पास हो सकते हैं। उद्यमी धनजीत वाड्रा कहते हैं कि जीएसटी में और सरलीकरण होना जरूरी है। इसके साथ आयकर की सीमा बढ़ाई जाए तो बेहतर है।
इससे मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी और बाजार में पैसा भी आएगा। शेयर मार्केट और म्यूचुअल फंड के जानकार विजय पचीसिया कहते हैं रियल एस्टेट में सुधार लाने के लिए कुछ ठोस कदम उठाए जाएं तो बेहतर होगा।
वहीं उच्च शिक्षित हमदर्द नगर निवासी असलम को उम्मीद है कि युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर घिरी सरकार उनको बेरोजगारी भत्ता देने का एलान कर सकती हैै। किसानों को न्यूनतम आय की घोषणा का इंतजार है।