डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महंगाई के युग में बिना पैसों के त्योहार मनाना असंभव है। यदि आप अगले सप्ताह की शुरूआत से लगने वाली त्योहारी की झड़ी का आनंद उठाना चाहते हैं तो दो-तीन दिन में अपने बैंक अथवा एटीएम से पैसे निकाल लीजिये, कहीं ऐसा न हो कि आपको पछताना पड़े और त्योहारों का मजा किरकिरा हो जाए। आज रविवार का अवकाश है। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को बैंक खुलेंगे। बुधवार से शुरू होगी छुट्टियों की लड़ी और इसके चलते लगातार पांच दिन तक बैंक बंद रहेंगे।
बुधवार को दीपोत्सव यानि कि दीपावली का अवकाश है। इसके अगले दिन गोवर्धन पूजा, फिर भैया दूज और उसके बाद द्वितीय शनिवार और रविवार की छुट्टी, यानि कि मंगलवार के बाद आपको अगले सोमवार तक पैसा निकालने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि त्योहारों के मद्देनजर बैंकों ने शनिवार को अपने अपने एटीएम फुल लोड कर दिये हैं। लेकिन ऐसे समय में इन एटीएम का भरोसा करना बेमानी ही है, जब हर व्यक्ति को पैसे की जरूरत होगी, इन परिस्थितियों में एटीएम कब पैसा उगलना बंद कर देंगे, कहा नहीं जा सकता। लीड बैंक मैनेजर आनंद गर्ग ने स्वीकार किया कि बुधवार से बैंकों का पूरे सप्ताह लगातार अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर सभी बैंकों को अपने एटीएम फुल रखने के निर्देश दिये गए हैं।