न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अपराधियों के खिलाफ अभियान दिशा में काम करते हुए पुलिस अब जिले के हर थाने के 15-15 अपराधियों को लक्ष्य बनाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। इसमें हर थाने के 15 कुख्यात व पेशेवर अपराधियों की मौजूदा गतिविधियों को लक्ष्य बनाकर काम किया जाएगा।
उनकी गतिविधि उन पर कार्रवाई का स्तर तय करेगी। इस अभियान में यह भी देखा जाएगा कि इनमें अपराध से धन व संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधी कौन-कौन हैं, उन की संपत्तियों को गैंगेस्टर की धारा 14/1 के तहत जब्त करने संबंधी कठोर कदम भी उठाया जाएगा।
अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान छेड़ा हुआ है। इसके बाद भी अपराधी सिर उठाते रहते हैं और लूट, चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसके अलावा संपत्ति अपराध भी लगातार चल रहा है।
इसी पर अंकुश के इरादे से जिला पुलिस ने यह तय किया है कि अब हर थाने में 15-15 अपराधियों को लक्ष्य बनाकर उन पर शिकंजा कसा जाएगा। चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जाएगा। पहले 15 अपराधियों की सूची बनाकर कार्रवाई होगी। जब उन पर कार्रवाई पूरी हो जाएगी, फिर आगे 15 नए अपराधियों की सूची बनेगी।
इसमें पेशेवर व कुख्यात अपराधियों को प्राथमिकता पर रखा जाएगा। साथ में अपराध से धन व संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों की संपत्ति कुर्क कर सरकार के पक्ष में जब्त करने संबंधी कार्रवाई भी की जाएगी। एसएसपी अजय कुमार साहनी बताते हैं कि अपराधियों पर लगातार अभियान चल रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारियों को यह लक्ष्य बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे।