न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
दलित समाज के भारत बंद का असर रोडवेज बसों की सेवाओं पर भी देखने को मिला। दोपहर एक से तीन बजे तक बसें शहर में प्रवेश नहीं कर पाईं। मथुरा, कासगंज की ओर से आने वाली रोडवेज बसों का संचालन सासनी गेट से हुआ। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बंद के मद्देनजर डिपो प्रभारियों ने कुछ बसों को वर्कशॉप से ही नहीं निकाला।
दलित समाज के भारत बंद के आह्वान के बाद सुबह से ही समाज के लोग सड़क पर उतर आए। इस कारण गांधी पार्क पर आने वाली बसों को सासनी गेट पर रोक दिया गया और यहीं से उनका संचालन हुआ। रोडवेज अधिकारियों को डर था कि बसें कहीं गुस्से की भेंट न चढ़ जाएं। इसके चलते कुछ बसों को तो डिपो से बाहर तक नहीं निकाला गया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बुद्ध विहार डिपो योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दलित समाज के भारत बंद कार्यक्रम में बसों को कोई नुकसान न हो इसको देखते हुए एक बजे से तीन बजे तक बसों का शहर में प्रवेश बंद किया गया था। हालांकि सासनी गेट से बसों का संचालन अनवरत जारी रहा।