न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की शेष बची परीक्षा की तैयारियों को नकल विहीन व शांतिपूर्वक कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी अवकाश के दिन भी जुटे रहे।
विभिन्न परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरे की सीडी चेक की जा रही है और यह देखा जा रहा कि इन केंद्रों पर कहीं नकल तो नहीं कराई गई।
साथ ही सभी विद्यालयों के सीसीटीवी कैमरों को नौरंगीलाल जीआईसी के कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है। ऑनलाइन उपस्थिति न देने पर परीक्षा केंद्रों को नोटिस दिया गया है। अन्य तैयारियां भी की गई हैं। गुरुवार की दोपहर की पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा है। इसको लेकर भी तैयारी हुई।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा 22 फरवरी को समाप्त होेगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा 10 मार्च को समाप्त होगी। नकल के लिए कुख्यात इस जिले में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए अधिकारियों ने जमकर छापेमार कार्रवाई तो की है, लेकिन देहात में नकल रोेकने में अधिकारियों को अभी तक अपेक्षित सफलता नहीं मिली है।
अभी हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान, विज्ञान के अलावा इंटरमीडिएट की भी कई अहम विषयों की परीक्षाएं शेष हैं। इन परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के लिए बुधवार को अवकाश के दिन भी अधिकारी जुटे रहे। विभिन्न परीक्षा केंद्रों से अब तक हुई परीक्षाओं की सीडी मंगवाकर उन्हें चेक कराया जा रहा है कि कहीं वहां नकल तोे नहीं हुई।
कुछ परीक्षा केंद्रोें के सीसीटीवी फुटेज में नकल की स्थिति पाई गई थी। इसके अलावा अभी केवल 25 विद्यालय ही सीसीटीवी कैमरे के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम से जुड़ सके हैं।
डीआईओएस ने यह आदेश दिया है कि सभी विद्यालयों के कैमरोें को इंटरनेट के जरिये कंट्रोल रूम से जोड़ा जाए। जिससे कि कंट्रोल रूम से ही यह देखा जा सके कि किस विद्यालय में क्या स्थिति है। अभी तक काफी परीक्षा केंद्र ऑनलाइन परीक्षार्थियों की हाजिरी की सूचना नहीं दे रहे।
इन विद्यालयोें को नोटिस दिया गया है। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। शेष परीक्षाओं को भी नकलविहीन सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण में उन्होंने काफी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस फोर्स कम पाई है। इसके लिए एसएसपी को पत्र लिखा है।