हिंदू जागरण मंच के नेताओं के बयान से संघ ने किया किनारा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
हिंदू जागरण मंच के नेताओं द्वारा स्कूलों में क्रिसमस का त्यौहार नहीं मनाने के फरमान का मामला राष्ट्रीय स्तर पर गरमाने लगा है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेताओं ने हिंदू जागरण मंच के इस बयान से किनारा कर लिया है।
ब्रज प्रांत के संघचालक जगदीश वशिष्ठ ने कहा कि यह समाचार आरएसएस के विचारों के अनुरूप नहीं है। संघ सर्वधर्म, पंथ एवं संप्रदायों में समभाव रखते हुए विश्वास करता है और यहीं हमारे देश की सनातन परंपरा है।
ब्रज प्रांत के संघचालक जगदीश वशिष्ठ ने कहा है कि संघ सभी धर्मों व संप्रदायों को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखता है। संघ मानता है कि देश में सभी पंथों एवं संप्रदायों को अपने विश्वास के अनुसार उपासना करने का अधिकार है। सभी मत एवं संप्रदाय के लोगों को त्यौहार, उत्सव आदि अपनी मान्यता के अनुसार मनाने का पूरा अधिकार है तथा संघ उसमें किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप का समर्थक नहीं है।
उल्लेखनीय है कि हिंदू जागरण मंच के नेताओं ने हिंदू बहुल स्कूलों में क्रिसमस का त्यौहार नहीं मनाने की चेतावनी दी थी। मंच के महानगर अध्यक्ष सोनू सविता, विभाग संयोजक अमित राजा, महानगर महामंत्री पुनीत शर्मा एवं जिला उपाध्यक्ष राजेश पंडित एवं विशाल चौधरी ने कहा था कि इससे संबंधित पत्र सभी विद्यालयों को भेजा जा रहा है।
विद्यालय संचालक इसे चेतावनी समझें या निवेदन, यह उनके ऊपर निर्भर है। राष्ट्रीय स्तर पर मामला उठने के बाद चेतावनी देने वाले हिंदू जागरण मंच के स्थानीय नेताओं का भी स्वर भी अब बदलने लगा है।