कही भी हिंसा हुआ तो एएमयू बोलेगा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
देश व दुनिया में कही भी हिंसा होगा तो एएमयू बोलेगा। यह कहना है कि छात्र संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी, उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर एवं सचिव मो. फहद का।
एएमयू छात्र संघ के पदाधिकारी गुरुवार को कैबिनेट सदस्यों के साथ मीडिया से रूबरू हुए। पदाधिकारियों का कहना है कि छात्रों खासकर छात्राओं की समस्याएं उनकी प्राथमिकता सूची में शीर्ष पर है। हमारे पास वक्त कम है और काम बहुत अधिक। उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसलिए समय व्यर्थ न कर छात्रों को साथ लेकर काम करना है।
पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे लोग जाति व धर्म के नहीं बल्कि इंसानियत व मानवता के लिए काम करेंगे। उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर ने कहा कि वीसी का काम सिर्फ आफिस में बैठना नहीं है। वह यूनियन हॉल में आयोजित होने वाले डिबेट में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि एएमयू के आसपास के मलिन बस्तियों में भी जाएंगे और बच्चों को शिक्षित करने की दिशा में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि हर हाल में शिकायत पेटिका रखी जाएगी और उस पर तुरंत कार्रवाई भी होगी। कैबिनेट सदस्य शाकिब, मतीन अशरफ, नबीला जेहरा, जुहैब अहमद, मो. नदीम, फरहान जुबैरी आदि मौजूद थे।