आखिर कब पकड़ में आएगी सफेद अपाचे
ब्यरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र की पॉश कालोनी मानसरोवर में गुरुवार रात अपाचे बाइक सवार तीन लुटेरों द्वारा की गई फायरिंग व लूट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मगर पुलिस जांच में एक बड़ा सवाल सामने आ रहा है। पिछले एक पखवाड़े में सिविल लाइंस व क्वार्सी में हुईं लगातार छिनैती व लूट की वारदातों में सफेद अपाचे पर तीन बदमाश ही वारदात कर रहे हैँ। आखिर यह सफेद बाइक सवार कब पकड़े जाएंगे। इसे लेकर पुलिस अब सीसीटीवी का सहारा ले रही है।
गुरुवार रात हुई वारदात के संबंध में शगुन प्रोविजन स्टोर के स्वामी मुकेश अग्रवाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि रात में यहां दो तीन बाइकों पर सवार कुछ युवक आए और प्रोविजन स्टोर से कुछ दूरी पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसके बाद लुुटेरों ने मुकेश अग्रवाल की कनपटी पर तमंचा सटा कर उनके गल्ले से 12 हजार रुपये व अन्य सामान को लूट लिया। किसी ने इस दौरान पुलिस को भी सूचित कर दिया। लूट को अंजाम देकर भाग रहे लुटेरों के सामने घर लौट रहे कारपोरेशन बैंक के मैनेजर एके सिन्हा और उनके साथ आ रही महिला असिस्टेंट मैनेजर आ गईं।
लुटेरों ने बैंक मैनेजर से उनका बैग लूट लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंच रही लैपर्ड ने जब बदमाशों का प्रतिरोध किया तो उन्होंने लैपर्ड पर भी फायरिंग कर दी। पुलिस पिकेट ने रोकने की कोशिश की तो दरोगा पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की तो बदमाश रास्ता बदलते हुए गलियों में फायरिंग करते हुए भाग गए। अब तक की जांच में जो बात सामने आई है, उसके अनुसार महानगर के मान सरोवर, ज्ञान सरोवर, महावीर पार्क, मैरिस रोड आदि इलाकों में सफेद अपाचे बाइक ही हर घटना में सामने आ रही है। इसे लेकर इंस्पेक्टर क्वार्सी इतना ही कहते हैं कि सीसीटीवी आदि के सहारे जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
---
---पैकेज--
मान सरोवर में वारदात से लोगों में दहशत
अलीगढ़। क्वार्सी थाना क्षेत्र की पॉश कालोनी मान सरोवर में गुरुवार की रात को सफेद अपाचे सवार नकाबपोश बदमाशों द्वारा हुई लूट व पुलिस पर फायरिंग की वारदात से दहशत का माहौल है। शुक्रवार को पूरे दिन लोग बदमाशों के हौसले की चर्चा करते रहे। स्थानीय लोगों ने कालोनी में पुलिस की गश्त बढ़ाने और चेकिंग प्वाइंट और बनाने की मांग उठाई है। इसके साथ ही पुलिस की चेकिंग कार्य प्रणाली पर भी सवाल खड़ा किया है। लोगों का कहना है कि पुलिस का एक चेकिंग प्वाइंट है, यहां पर चेकिंग भी होती है, लेकिन सिर्फ खानापूर्ति के लिए। कालोनी में प्रवेश और निकलने के लिए रास्ते हैं, जो कि बदमाशों की राह आसान कर देते हैं। यही कारण है कि पिछले एक सप्ताह में 15 के करीब वारदात हो चुकी हैं। इनमें से कई तो ऐसी हैं, जिनकी पुलिस को सूचना तक नहीं दी गई। जिन वारदातों की पुलिस को सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उनके खुलासे नहीं हो पाए हैं।
फोटो
- खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा हूं। चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस वाहनों के कागजात देखने में व्यस्त रहती है। वाहन चालक के पास हथियार है या नहीं। इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं है। रात को लोग शराब पीकर दुकानों पर खड़े रहते हैं। यदि पुलिस लगातार गश्त करें तो असामाजिक तत्वों पर अंकुश लग सकता है। स्थानीय लोगों को भी अब प्रयास करने होंगे, चौकीदार की व्यवस्था करनी होगी।
- गुलवीर सिंह चौहान, ज्ञान सरोवर
फोटो
कालोनी के दोनों पार्क में रात को युवक बैठे रहते हैं। पुलिस उन्हें देखकर निकल जाती है, लेकिन पूछताछ नहीं करती। यदि सप्ताह में तीन दिन भी ऐसे युवकों से पूछताछ हो जाए तो बदमाशों के हौसले पस्त हों। 100 फुटा रोड पर अंधेरा होना भी अपराधियों को भागने में मदद करता है।
- धर्मेंद्र तोमर उर्फ बबलू भाई, मान सरोवर
फोटो
17 नवंबर की शाम पुत्र वधू सोनी पंडित पत्नी प्रवीन कुमार शर्मा से तमंचा दिखाकर मंगलसूत्र लूटकर ले गए। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। पुत्रवधू के साथ छिनैती की वारदात को भी बाइक सवारों ने ही अंजाम दिया था।
- जय प्रकाश शर्मा, मान सरोवर
फोटो
जिस समय बदमाश आए और हथियार दिखाए। उनकी आवाज ही उनके इरादे बयां कर रही थी। यदि कोई विरोध करता तो पुलिसकर्मियों की तरह उसके ऊपर भी गोली दाग देते। पुलिस पर फायरिंग करना कोई छोटी बात नहीं है, अब तो यहां रहने में भी डर लगने लगा है।
- मुकेश अग्रवाल, ज्ञान सरोवर लूट का पीड़ित
फोटो
लगातार वारदातें हो रही है, पुलिस अभी तक किसी बदमाश को नहीं पकड़ पाई है। कुछ दिन पहले योगेश सीए की पत्नी के साथ छिनैती की वारदात हुई। इस मामले में भी कुछ नहीं हुआ। पुलिस की चेकिंग के नाम पर केवल वसूली करती है।
- एसके दुबे, मान सरोवर
फोटो
सीएम लगातार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन अधीनस्थ उनके प्रयासों पर पलीता लगाने पर तुले हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ने का प्रयास करती है। जबकि गुरुवार की रात को कई बार डायल-100 को सूचना दी, लेकिन फोन तक नहीं उठा।
- सौरभ अग्रवाल सिक्ससंस, मान सरोवर