खराब डिस्प्ले बोर्ड देखकर डीआरएम हुए खफा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
रेलवे स्टेशन पर गंदगी, परिसर की टूटी बाउंड्री, आवारा घूमते पशु और भिखारियों को देखकर गुरुवार को मंडलीय रेल प्रबंधक इलाहाबाद मंडल एसके पंकज का पारा हाई हो गया। वह यहां पर निरीक्षण करने आए थे।
लेकिन जब यहां पर अव्यवस्थाओं की भरमार देखी तो अधिकारियों की जमकर क्लास ली। साथ ही निर्देश दिए कि अगली बार निरीक्षण से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लें। अगर ऐसा न हो सका तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
डीआरएम एसके पंकज गुरुवार की दोपहर विशेष ट्रेन से अलीगढ़ आए। उनके आने का कार्यक्रम पहले शाम को प्रस्तावित था। लेकिन वह दोपहर को ही आ गए। इस तरह अचानक उनके आ जाने से स्थानीय रेलवे अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए। आनन फानन सभी को मैसेज कराया गया। सबसे पहले डीआरएम टिकट बुकिंग कार्यालय पहुंचे।
वहां पर कुछ डिस्प्ले वोर्ड ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यात्री को टिकट के संबंध में जानकारी करने का पूरा अधिकार है। इसके बाद वह प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचे। यहां पर पटरियों के बीच फैली गंदगी को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारी की जमकर क्लास लगाई। इस दौरान उन्होंने देखा कि परिसर में भिखारी घूम रहे हैं। सिटी साइड की बाउंड्री टूटी हुई है।
इसे उन्होंने परिसर की सुरक्षा के लिए खतरा माना। यहां पर उन्होंने देखा कि प्लेटफार्म और जीटी रोड में बहुत कम फासला है। उन्होंने जल्द से जल्द इस वाउंड्री को सही कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ प्रभारी आदि अन्य अधिकारी मौजूद थे।