अफगानी महिला से लूट करने वाले दबोचेे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
पिछले दिनों अफगानी महिला से मोबाइल और नकदी की लूट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों से दो तमंचे, लूटा गया मोबाइल, पर्स, नकदी व अन्य घटनाओं से संबंधित मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए लुटेरों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना क्वार्सी में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किशनपुर तिराहे पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने लुटेरे हनी उर्फ नितिन पंजाबी पुत्र स्वर्गीय चंद्रपाल भदावन निवासी विक्रम कालोनी, थाना क्वार्सी और सचिन बालियान, पुत्र स्वर्गीय कर्णपाल सिंह निवासी रामबाग कालोनी थाना क्वार्सी को गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से दो तमंचे, चार अदद कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इनके पास से अफगानी महिला हिलाए पुत्री अब्दुल जहेर से लूटा मोबाइल, संयुक्त राष्ट्र का कार्ड, पर्स, कागजात, 15 हजार रुपये आदि बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने बाइक से घूम घूम कर लूट की वारदात करना स्वीकार किया है। एक अभियुक्त हनी उर्फ नितिन पंजाबी कई बार जेल जा चुका है। उस पर अलग अलग मामलों में सात मुकदमे दर्ज हैं।
लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली टीम: थाना क्वार्सी प्रभारी दिलीप सिंह, सब इंस्पेक्टर लाल बहादुर सिंह, श्रवण कुमार, सिपाही किशनवीर, देवेंद्र मलिक, अशोक कुमार।