शिक्षामित्रों ने जड़े विद्यालयों में ताले, पढ़ाई चौपट
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
समायोजन निरस्त होने के आदेश के बाद शिक्षामित्रों का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। शिक्षामित्रों ने शनिवार को जिले के ज्यादातर परिषदीय स्कूलों में तालाबंदी कर दी। तालाबंदी से इन विद्यालयोें में पठन-पाठन चौपट हो गया। काफी विद्यार्थी बिना पढ़े ही वापस लौट गए। शिक्षामित्र संगठन की टीमें जिले में घूमती रहीं और विद्यालयों को बंद कराने में लगी रहीं।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त करने के आदेश के बाद शिक्षामित्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को शिक्षामित्रों ने परिषदीय विद्यालयों में ताले जड़ दिए। संयुक्त शिक्षा मित्र संघर्ष समिति के पदाधिकारी सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों में तालाबंदी कराने के लिए निकल पड़े। जहां भी विद्यालय खुले पाए गए। वहां उनकी तालाबंदी करा दी गई। इस दौरान कुछ शिक्षकों से उनकी नोकझोंक भी हुई।
तालाबंदी से विद्यालयों में पढ़ाई नहीं हुई। कुछ विद्यालयों में तो विद्यार्थी ताले लटके देख वापस लौट आए। तालाबंदी को सफल बनाने में सुनील शर्मा, रिषीपाल सिंह, विनय यादव, हरेंद्र सिंह, बबलू चौधरी, संतोष गौड़, दिनेश शर्मा, कर्मवीर सिंह, सत्यप्रकाश शर्मा, देवेश, राजवीर राघव, प्रेमपाल सिंह आर्य, सतेंद्र सिंह, रविभूषण, प्रीती शर्मा, रवेंद्र यादव, रमेश यादव आदि जुटे रहे। शिक्षामित्रों की टीमें विभिन्न विकास खंड क्षेत्रों के विद्यालयों में घूम-घूमकर विद्यालय बंद कराती रहीं।
तालाबंदी को लेकर मारपीट, हंगामा
शिक्षामित्रों द्वारा कराई गई तालाबंदी के दौरान कई स्थानों पर हंगामा भी हुआ। लोधा ब्लॉक के लहोसरा के प्राइमरी विद्यालय में तालाबंदी के दौरान वहां मौजूद अध्यापक से शिक्षामित्र पति की झड़प हो गई। मारपीट के चलते हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर इलाके की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उक्त शिक्षामित्र के पति को पकड़ कर थाने ले आई। बाद में शिक्षामित्र संघर्ष समिति के कुछ पदाधिकारी व अन्य लोग थाने पहुंच गए और दोनों पक्षों में समझौता कराया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
आज देंगे विधायकों को ज्ञापन
शिक्षामित्र अपना आंदोलन जारी रखेंगे। संयुक्त शिक्षामित्र संघर्ष समिति के संयोजक सुनील शर्मा ने बताया कि रविवार को अपनी मांगों को लेकर रविवार को विधायक दलवीर सिंह व अनिल पाराशर को ज्ञापन दिया जाएगा। उसके बाद सोमवार को सांसद सतीश गौतम को शिक्षामित्र ज्ञापन देंगे। इसके बाद मंगलवार को बीएसए ऑफिस पर धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा।