पैसेंजर ट्रेन में सीट को लेकर दो छात्र गुट भिड़े
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
टूंडला से चलने वाली टीएडी में सीट को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। छात्रों ने पैसेंजर ट्रेन में जमकर गुंडागर्दी करते हुए मारपीट की।
इसकी भनक लगते ही आरपीएफ ने अलीगढ़ स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही एक आरोपी को दबोच लिया, बाकी भाग निकले। वहीं पीड़ित छात्रों ने जीआरपी में तहरीर दी है।
बता दें कि विगत दिनों गोमती एक्सप्रेस में भी सीट को लेकर मारपीट का मामला प्रकाश में आया था। वाकया मंगलवार सुबह करीब आठ बजे का है। टूंडला से आने वाली टीएडी पैसेंजर में सासनी से छात्रों का गुट चढ़ा।
आरोप है कि यहां सीट को लेकर उन्होंने मुसाफिरों से अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान पहले से सीट पर बैठे छात्रों से इस बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से तनातनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
मुसाफिरों ने जब इस बात का विरोध किया तो छात्रों ने ट्रेन में बेल्ट घुमाना शुरू कर दिया। ट्रेन में मारपीट की भनक लगते ही स्टेशन पर आरपीएफ सतर्क हो गई।
आरपीएफ ने ट्रेन के रुकते ही आरोपी छात्र राहुल निवासी शहवाजपुर थाना विजयगढ़ को दबोच लिया, बाकी मौका पाकर भाग गए। आरपीएफ थाना प्रभारी नवल किशोर ने बताया कि मारपीट की सूचना पर आरपीएफ ने एक युवक को दबोच लिया, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, जीआरपी प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि पीड़ित छात्रों की ओर से तहरीर मिल गई। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर रही है। बता दें कि जीआरपी प्रभारी ट्रेनों में इसी प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए हर रोज आरोपियों की तलाश में दबिश दे रहे हैं।