खूब हुआ रिहर्सल, आज करेंगे योग
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, जवाहर पार्क, गांधी पार्क, घंटाघर समेत कई जगहों पर योग कार्यक्रम का आयोजन होगा। स्टेडियम में प्रशासन एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम हो रहा है।
इसमें अमर उजाला मीडिया पार्टनर है। इस कार्यक्रम में आप भी जरूर आएं। योग के इस महा उत्सव में सहभागी बनते हुए खुद को स्वस्थ रखने का संकल्प लें। मंगलवार को स्टेडियम से लेकर स्कूल-कालेजों तक योग का रिहर्सल हुआ। खुद मंडलायुक्त, डीएम भी स्पोर्ट्स स्टेडियम में रिहर्सल में शामिल हुए।
महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में सुबह छह बजे योग साधकों को बुलाया गया है। सुबह सात से आठ बजे तक योगा होगा। इसका उद्घाटन मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा करेंगे।
तीन मजिस्ट्रेट स्टेडियम में क्रमश: पार्किंग, ट्रैफिक एवं योग की व्यवस्थाएं संभालेंगे। दो मजिस्ट्रेट गांधी पार्क, घंटाघर व जवाहर पार्क के लिए तैनात रहेंगे। योग साधकों को सफेद ड्रेस में आना अनिवार्य किया गया है।
स्टेडियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में तहसीलदार कोल समेत अन्य कर्मचारी भी शामिल रहेंगे। अब तक 2600 पंजीकरण हो चुके हैं। कार्यक्रम संयोजक रविकर आर्य ने बताया कि पंजीकृत योग साधक के मोबाइल पर स्टेडियम में पहुंचने का मैसेज आएगा।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया गया है। योग साधकों की व्यवस्था का खास ख्याल रखा गया है। स्वच्छता पर भी विशेष जोर होगा।