दिवाली पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रोडवेज ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए अलीगढ़ से दिल्ली और कानपुर मार्ग पर 300 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा और मैनपुरी सहित अन्य स्थानीय मार्गों पर भी यात्रियों की संख्या के अनुसार बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दिवाली को देखते हुए पांच से 12 नवंबर तक विशेष प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत चालक और परिचालकों को तय किलोमीटर के आधार पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य त्योहार के दौरान बसों का संचालन सुचारू बनाए रखना और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। केवल आपात स्थिति में ही छुट्टी की अनुमति दी जाएगी, ताकि बसों के संचालन में कर्मचारियों की कमी न हो। जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां मांग के अनुरूप बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी।