मलखान सिंह जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में बच्चों का उपचार कराते परिजन। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
मलखान सिंह जिला अस्पताल के 27 बेड के बच्चा वार्ड में 30 बच्चे भर्ती हैं। इनमें से अधिकतर उल्टी, दस्त एवं बुखार से पीड़ित है। चिकित्सकों का कहना है कि भीषण गर्मी में बच्चों खासकर छोटे बच्चों का विशेष ख्याल रखें। बच्चों के शरीर में पानी और नमक की कमी न हो।
जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी है। कुछ बेड तो ऐसे भी हैं, जिन पर दो-दो बच्चे हैं। बच्चों को देखकर परिजन भी चिंतित है। मलखान सिंह जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वरी देवी बत्रा कहती हैं कि भीषण गर्मी में मरीज बढ़ने लगे हैं। बच्चा वार्ड के साथ ही अस्पताल के सभी वार्ड भरे हुए हैं। दोपहर में घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है। बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के साथ ही शहर के अन्य सरकारी एवं प्राइवेट अस्पताल में भी उल्टी, दस्त एवं बुखार के मरीज काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
ये बरतें एहतियात
- धूप में नवजात को लेकर बाहर निकलने से बचें। अगर जाना जरूरी हो तो बच्चे को अच्छी तरह कपड़े पहनाकर ले जाएं।
- बच्चों के शरीर में पानी की कमी न होने दें। नमक, चीनी, पानी, नींबू का घोल घर में बनाकर पिलाएं।
- बाहर की चीजों को खिलाने से परहेज करें। घर में हल्का खाना दें। चावल एवं दाल का पानी पिलाते रहें।
- बाजार के कटे फल बिल्कुल न दें।
- खाने-पीने में स्वच्छता का ध्यान रखें। बच्चों को साबुन से हाथ धोकर खाने को प्रेरित करें