बैंक में नौकरी लगवाने के नाम पर पिता-पुत्र ने एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये हड़प लिए। रकम वापस मांगी तो उनको पीटा गया। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव कैमथल निवासी रोहताश सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह ने कहा है कि गांव भैंमती निवासी राकेश कुमार गुप्ता पुत्र फूलचंद्र अपने पुत्र शिवकुमार के साथ आए और पीड़ित की बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। कहा कि शिवकुमार की भी नौकरी उन्होंने ही लगवाई है। आरोपी पिता-पुत्र ने नौकरी लगवाने के नाम पर बहलाकर रोहताश सिंह से गांव के पूर्व प्रधान साहब सिंह के समक्ष जनवरी 2022 में तीन लाख रुपये ले लिए। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो रोहताश ने आरोपियों से रकम वापस मांगी तो शिवकुमार ने एक लाख रुपये का चेक तीन जुलाई को उसे दे दिया।
रोहताश ने चेक बैंक में जमा किया तो वह बाउंस हो गया। टालमटोल देखकर 16 जुलाई को रोहताश अपनी पत्नी बबीता व भाई रूपेश कुमार के साथ आरोपियों के घर पहुंचे और रकम वापिस मांगी। आरोप है कि पिता-पुत्र ने रोहताश से मारपीट शुरू कर दी। मौके पर गांव रान्हा के दो अज्ञात लोग भी मौजूद थे। जब पत्नी और भाई ने रोहताश को बचाने का प्रयास किया तो उन लोगों ने इन तीनों को भी पीटा। शोरगुल सुनकर गांव के लोग आए तो आरोपियों ने पीड़ितों को धक्के मारकर घर से निकाल दिया और कहा कि दोबारा रकम वापस मांगी तो जान से मार देंगे।