मोबाइल खो जाना आज के दौर में सिर्फ एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के गुम होने भर का नुकसान नहीं है, बल्कि उसमें हमारी यादें, जरूरी दस्तावेज, बैंक डिटेल्स और अनमोल डेटा भी होता है। जब किसी का फोन खो जाता है, तो ऐसा लगता है जैसे दुनिया से संपर्क कट गया हो। लेकिन अलीगढ़ के लोगों के लिए 1 अगस्त का दिन बेहद राहत भरा और खुशी लेकर आया।
पुलिस के सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से एक बड़ा अभियान चलाते हुए विभन्नि कंपनियों के कुल 263 खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए। इन सभी बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित बाजार कीमत 48 लाख 70 हजार 386 रुपये आंकी गई है।
जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि इन बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किया गया, तो लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। महीनों पहले खो चुके महंगे स्मार्टफोन अचानक वापस मिल जाने की उम्मीद शायद ही किसी को थी। फोन हाथ में आते ही लोगों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान एसएसपी ने आमजन को सीईआईआर पोर्टल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी नागरिक का मोबाइल फोन खो या गुम जाता है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। नागरिक तुरंत सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अपने खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक करवा सकते हैं। फोन ब्लॉक होने के बाद उसका कोई भी गलत इस्तेमाल नहीं कर सकता है, और पुलिस के लिए इसे ट्रैक करना आसान हो जाता है।