जहरीली शराब परोसकर 109 लोगों की जान लेने के आरोपियों पर प्रशासन सख्त होता जा रहा है। ऋ षि, मुनि, अनिल, सुधीर, शिवकुमार, विपिन यादव को शराब माफिया घोषित किए जाने के बाद प्रशासन ने अब 23 अन्य आरोपियों को चिन्हित किया है, इन सभी को शराब माफिया घोषित किया जाएगा।
इसके अलावा इन पर गुंडा एक्ट, गैंगेस्टर, शस्त्र निरस्त करने, संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। एडीएम सिटी आईएएस राकेश कुमार मालपाणी की अध्यक्षता में बनी सात सदस्यीय कमेटी यह कार्रवाई करेगी। कमेटी में एडीएम सिटी के अलावा एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल, एसपी क्राइम राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र, एआईजी स्टांप एवं पंजीयन ज्ञानेंद्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी डा. सतीश चंद्र, जेडी अभियोजन एसके सिंह शामिल हैं। इसके अलावा आबकारी विभाग ने शराब माफिया के करीबियों के करीब आधा दर्जन शराब ठेकों को और चिन्हित किया है। इनके भी लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। ब्यूरो