न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राजकीय एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में उद्घाटन के एक सप्ताह बाद बाजार गुलजार हुए। लोगों की भीड़ बढ़ने से दुकानदारों के चेहरों पर खुशी नजर आई। शनिवार को 26 जनवरी और अगले दिन रविवार होने से सभी कार्यालय बंद रहे। लोगों ने अपने परिवार के साथ नुमाइश में जमकर खरीदारी की। वहीं बच्चों ने झूलों का जमकर मजा लिया।
नुमाइश का 20 जनवरी को आधी-अधूरी तैयारियों के बीच मंडलायुक्त ने शुभारंभ किया था। इसके बाद अगले दिन ही 21 जनवरी को बारिश पड़ने से दुकानों में पानी भर गया और फिसलन हो गई थी। अभी नुमाइश में पहली बारिश का पानी सूखा भी नहीं था कि 24 जनवरी को फिर बारिश हो गई। इससे दुकानदारों को नुकसान का डर सताने लगा।
शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण लोगों ने नुमाइश का रुख किया। इस दौरान महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। बच्चों ने अलग-अलग झूलों का आनंद लिया। युवाओं की पसंद मौत का कुआं रहीं। वहीं नुमाइश में थकने के बाद परिवारों ने फास्ट फूड कार्नर पर साफ्टी, भेलपूरी, फ्रूट चाट आदि चीजों का लुत्फ लिया। दुकानदारों का कहना था कि शनिवार से बाजार उठान पर आए हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में नुमाइश की भीड़ बढ़ेगी।
85 साल से नुमाइश में नानखताई की दुकान लगा रहे हैं। मेरठ वाली नानखताई के नाम से मशहूर है। इस बार नुमाइश जल्दी लगने से बाजार ठंडे पड़े हैं। लेकिन, शनिवार से नुमाइश में लोगों की भीड़ बढ़ी है। दुकानदारी में इजाफा हुआ है।
तेजपाल, दुकानदार
हर साल नुमाइश में दीपक फास्ट फूड कार्नर लगता है। उद्घाटन के बाद ही बारिश पड़ गई। इससे ठंड बढ़ गई और लोग नुमाइश देखने नहीं आए। पिछले दो-तीन दिन से बाजार में थोड़ी रौनक आई है। आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ेगी।
गजेंद्र पाल सिंह, मैनेजर दीपक फास्ट फूड
पिछले 15 सालों से नुमाइश में दुकान लगा रहे हैं। हमारे पास करीब पचास तरह के हींग पेड़ा, हींगबटी, सौंफ आदि आइटम उपलब्ध है। मथुरा से व्यापार करने यहां आते हैं। पिछले तीन दिनों में रौनक बढ़ी है। अब लग रहा है कि नुमाइश में नुकसान नहीं होगा।
आशीष अग्रवाल, दुकानदार