न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मथुरा के राया पर शुक्रवार की सुबह से लेकर दोपहर तक लगे जाम के कारण बस में सवार यात्रियों को तो परेशानी हुई साथ ही गांधी पार्क बस अड्डे पर यात्री परेशान रहे।
करीब दो घंटे तक राया फाटक पर मथुरा आने-जाने वाली बसें जाम में फंसी रही। इधर, गांधी पार्क बस स्टैंड पर मथुरा जाने वाले यात्रियों की संख्या का दबाव रोडवेज कर्मचारियों की परेशानी की वजह बना रहा।
शुक्रवार को गांधी पार्क बस अड्डे पर मथुरा जाने वाले यात्रियों की संख्या इतनी थी कि डिपो से बस आते ही भर जाती। सुबह से दोपहर तक जब मथुरा से कोई बस नहीं लौटी तो गांधी पार्क बस स्टैंड प्रभारी ने अलीगढ़ के परिचालकों से पता किया।
जाम में फंसे परिचालकों ने बताया कि राया में जाम लगा हुआ है। इस कारण यातायात बाधित है, लेकिन गांधी पार्क बस अड्डे पर खड़े यात्री कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। इस पर बस स्टैंड प्रभारी ने डिपो फोन करके मथुरा के लिए दो अतिरिक्त बसों को बुला लिया।
बस आते ही भर गई, लेकिन आगे जाकर राया में जाम में फंस गई। बस स्टेशन प्रभारी मुनेश पाल सिंह ने बताया कि राया में जाम लगे होने के कारण यातायात बाधित हो गया था, जो कि दोपहर 12 बजे के करीब सामान्य हो गया। यातायात बाधित होने के कारण बस स्टैंड पर मथुरा के यात्रियों की संख्या बढ़ गई थी।