न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डीएस कॉलेज में शिक्षक संघ की बैठक में भाषण के दौरान दो शिक्षकों में गहमागहमी हो गई। इस दौरान दिव्यांग शिक्षक से खींचतान की गई। यह मामला अब तूल पकड़ने लगा है। शिक्षक ने आरोपी शिक्षक पर 24 घंटे में कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो मानवाधिकार आयोग, विकलांग आयोग की शरण लेने की धमकी दी है।
शुक्रवार को कॉलेज में शिक्षक संघ की बैठक चल रही थी। इस बैठक में संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. डीएन त्रिपाठी भी शामिल होने गए थे। वह दृष्टिबाधित हैं, इसलिए अपने साथ बेटे को लेकर पहुंचे। वह भी बैठक में मौजूद रहा। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि एक शिक्षक काफी देर से बोल रहे थे। उनसे भाषण छोटा करने का अनुरोध किया, इस पर वह उग्र हो गए और उनके लिए गलत शब्द का इस्तेमाल किया। पास में बैठे उनके बेटे ने इसका विरोध किया, तो उससे भी अभद्रता की।
उन्होंने इस संबंध में 24 घंटे के अंदर शिक्षक संघ से जवाब मांगा। इसकी प्रतिलिपि कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव व प्राचार्य को भी भेजी है। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि एक बार बैठक में अपने साथ किसी को नहीं ले गए। कुछ देर बाद धीरे-धीरे सभी शिक्षक बगैर बताए वहां से उठकर हॉल में चले गए और वह काफी देर तक कमरे में बैठे रहे।
इसकी जानकारी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने उनके बेटे को दी, तब बेटा उन्हें कमरे में लेने आया। उधर, शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. भारत सिंह ने कहा कि शनिवार को दोनों शिक्षकों को बुलाकर उनके बीच मनमुटाव को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में खींचतान भी हुई थी।