न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लखनऊ में दस अगस्त को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट सम्मिट में जनपद से 35 उद्यमी हिस्सा लेंगे। सभी उद्यमी नौ अगस्त को एसी बस द्वारा महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र के नेतृत्व में लखनऊ रवाना होंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति द्वारा प्रदेश के उद्यमियों को अपने उद्योग लगाने एवं बढ़ाने के लिए 500 करोड़ के ऋण के चेक वितरित करेंगे।
इस मामले में हुई समीक्षा बैठक में डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि योजना में अलीगढ़ के लिए 50 करोड़ रुपये के ऋण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अलीगढ़ में उद्यमियों को अब तक 16.40 करोड़ के ऋण स्वीकृत हो चुके हैं।
लीड बैंक मैनेजर ने सभी बैंकों को निर्देश दिये हैं कि इस योजना में आवेदन करने वाले जिन उद्यमियों के ऋण आवेदन लंबित हैं, उन्हें प्रत्येक दिशा में नौ अगस्त से पहले स्वीकृत करा दें।
उन्होंने बताया कि सम्मिट को लेकर स्थानीय उद्यमियों में जबर्दस्त उत्साह है। अब तक सम्मिट के लिए 134 उद्यमियों ने आवेदन कर रखे हैं। इनमें से 35 को लखनऊ भेजा जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में अफसर एवं उद्यमी उपस्थित थे।