न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मंडलायुक्त अजय दीप सिंह ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की मंडलीय समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय कार्डों की आधार फ ीडिंग को 31 मई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि एलपीजी एवं पेट्रोल पंपों में घटतौली रोकने के साथ-साथ केरोसिन के थोक विक्रेताओं पर विशेष रूप से छापेमारी की जाए। सभी जिला पूर्ति अधिकारी अपने स्तर से सीधे छापा मारें और कार्रवाई से उनको अवगत कराएं।
मंडलायुक्त ने कहा कि राशन कार्डों की फ ीडिंग के बाद होने वाले आधार फीडिंग कार्य की प्रगति भी ठीक नहीं है। अलीगढ़ में 47, एटा में 34, कासगंज में 42 एवं हाथरस में 41 प्रतिशत ही फीडिंग का कार्य हो पाया है।
इस कार्य में भी तेजी लाकर समय से पूरा किया जाए। उचित दर की दुकानें, जो निलंबित व निरस्त हैं। उनके व्यवस्थापन का कार्य भी 31 मई तक पूर्ण करें। मंडल में कुल 64 दुकानें निरस्त हैं, जिसमें अलीगढ़ में 35, कासगंज में 05, हाथरस में 13 और एटा में 11 दुकानें हैं।
केवल 15 दुकानों के मामले न्यायालय में लंबित हैं। इनको छोड़कर शेष दुकानों का आवंटन समय से करा दिया जाए। उचित दर की दुकानों के आवंटन में दिव्यांग एवं एससी, एसटी कोटे को पूर्ण किया जाए।
प्रत्येक तीन माह में होने वाली सतर्कता समिति की बैठक भी नियमित रूप से कराई जाए। उन्होंने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आप लोग स्वयं प्रवर्तन की कार्रवाई करें तथा कार्रवाई से अवगत कराएं। एलपीजी एवं पेट्रोल पंपों में घटतौली रोकने के साथ-साथ केरोसिन के थोक विक्रेताओं पर विशेष रूप से छापेमारी की जाए।