न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रविवार को सपा के चार विधायकों के प्रतिनिधि मंडल के जाने के बाद सोमवार को मथुरा से सपा एमएलसी संजय लाठर जिला कारागर में पूर्व विधायक ठा.राकेश सिंह से मिलने पहुंचे।
लाठर ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहले विधान सभा के विधायक आए और अब अलीगढ़ के पड़ोसी जिले मथुरा से विधान परिषद सदस्य होने के नाते उनको भेजा गया है। पूर्व विधायक राकेश से जेल में मिल कर पूरा प्रकरण जाना। क्या घटना हुई? कैसे हुई?
जेल से निकलने के बाद लाठर ने मीडिया से कहा कि पुलिस की भूमिका इस पूरे प्रकरण में संदिग्ध है। अब विधान परिषद में इस प्रकरण की पूरी सूचना मांगी जाएगी। जिला कारागार प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व विधायक का उत्पीड़न करने को लेकर सवाल उठाया जाएगा।
26 या 28 मार्च को यह मुद्दा उठाया जा सकता है। योगी सरकार सपा के किसी नेता का बेवजह उत्पीड़न नहीं कर सकती है। यह बर्दाश्त नहीं होगा। उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो सड़कों पर जन आंदोलन होगा।
लाठर वाया रोड मथुरा से आए और एक घंटे यहां ठहरने के बाद वापस हो गए। इस दौरान उनके साथ मथुरा के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ठा. किशोर सिंह, एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष शहजाद आलम बरनी सहित अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहे।
गौर हो कि संजय लाठर तकरीबन 15 साल से राकेश का राजनीतिक मार्गदर्शन कर रहे हैं। राकेश सिंह प्रतिबंधित विदेशी पिस्टल रखने के मामले में जेल में बंद हैं।