न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के कोतवाली क्षेत्र के खाईडोरा में कुरैशी परिवार घर में खाने से ही फूड प्वाइंजनिंग का शिकार हो गया। गुरुवार देर रात खाना खाने के बाद परिवार ऐसा सोया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे तक सोता ही रहा। जब पड़ोसियों को अंदेशा हुआ तो दीवार फांद कर घर के अंदर प्रवेश करने पर हकीकत की जानकारी हुई। परिवार के सभी आधा दर्जन सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वाकये के अनुसार मीट का व्यापार करने वाले खाईडोरा निवासी इब्राहिम पुत्र यामीन अपनी पत्नी फिरोज बेगम, बेटी खुशनुमा, बेटा आकिब, शहबाज, शाकिब के साथ गुरुवार देर रात खाना खाकर सो गए थे।
शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे तक जब इस घर का दरवाजा न खुला तो पड़ोसियों को कुछ शंका हुई। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
बाद में दीवार फांदकर छत के रास्ते जब इब्राहिम के घर में झांक कर देखा तो सभी हैरत में पड़ गए, क्योंकि पूरा परिवार बिस्तरों पर बेहोश पड़ा हुआ था, बच्चों के मुंह से कुछ झाग भी निकल रहे थे।
खबर मिलने पर स्थानीय लोग एकत्रित हुए, जिन्होंने बेहोश पडे़ पूरे परिवार को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया। इमरजेंसी के डॉक्टर के अनुसार पूरा परिवार खाने के चलते फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुआ है। सभी का अस्पताल के 7 नंबर वार्ड में इलाज चल रहा है।