कमिश्नर एकादश ने जीता मैच
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
स्टेडियम में स्वच्छ भारत के तहत खेले गए 20-20 क्रिकेट मैच में कमिश्नर एकादश ने नगर निगम एकादश को 20 रन से हरा दिया। बेस्ट बैट्समैन मसूदुज्जफर अमीनी और बॉलर का खिताब अखिलेश को दिया गया।
रविवार को कमिश्नर एकादश के कप्तान व कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनके फैसले को जिया अहमद व प्रवीन शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से सच साबित कर दिया।
जिया के आउट होने के बाद कमिश्नर बल्लेबाजी करने को उतरे, लेकिन इस मैच में वो कुछ खास नहीं कर सके, महज पांच रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेट गिरते रहे।
मसूदुज्जफर अमीनी ने धुआंधार 22 गेंद पर 43 रन बनाए। टीम ने 152 रन बनाए। अखिलेश ने चार विकेट झटके। जवाब में उतरी नगर निगम एकादश की शुरुआत काफी खराब रही।
63 रन पर आधी टीम पवेलियन जा चुकी थी। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। एहसान और गौरव की संघर्षपूर्ण पारी मैच नहीं जिता सकी। पूरी टीम 132 रन पर सिमट गई। विपिन, प्रवीन ने दो-दो, कमिश्नर, मसूद, हिमांशु, सुशील ने एक-एक विकेट हासिल किए।