जीआरपी सिपाही बनकर वसूली करने वाले को दबोचा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
जीआरपी सिपाही बनकर चाकू के बल पर लोगों को डरा धमका कर वसूली करने वाले एक बदमाश सतीश कुमार निवासी रायपुर अतरौली को रविवार को पकड़ लिया गया। वसूली से पीड़ित युवक ने खुद साहस कर इस फर्जी सिपाही को पकड़ा और जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। अब मुकदमा दर्ज हो चुका है। इस नटवरलाल को अब अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उसका जेल जाना लगभग तय है।
गांधीपार्क थाने के मोहल्ला गांधीनगर कॉलोनी निवासी राजीव कुमार सैनी ने बताया कि गत शुक्रवार को उसका भाई चंद्र प्रकाश सैनी मीनाक्षी पुल के पास होकर रेल लाइन पार कर घर जा रहा था। तभी एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया, जो खुद को जीआरपी का सिपाही बता रहा था। इसी फर्जी सिपाही ने चंद्र प्रकाश को जेल भेजने का डर दिखाते हुए उससे पांच हजार रुपये मांगे। डरे हुए चंद्र प्रकाश ने कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं, वह घर पहुंच कर पैसे दे सकता है। इस पर फर्जी सिपाही चंद्र प्रकाश के साथ उसके घर तक पहुंच गया और उससे 1600 रुपये ले लिए।
रविवार को फर्जी सिपाही ने वसूली के बकाया रुपयों के लिए पीड़ित को फ ोन किया और बाकी 3400 रुपये मांगे। परेशान चंद्र प्रकाश ने पूरा मामला अपने भाई राजीव को बताया। राजीव, चंद्रप्रकाश और भाजपा नेता योगेश को साथ लेकर बताए गए स्थान मीनाक्षी पुल के पास पहुंच गए। चंद्रप्रकाश ने फर्जी सिपाही को पहचान लिया। राजीव और योगेश भी पीछे आ गए। सबने मिल कर आरोपी को दबोचा तो उसने चाकू निकाल कर उन्हें डराने का प्रयास किया, लेकिन अपने को चौतरफा घिरा देख आरोपी ने चाकू और मोबाइल झाड़ियों में फेंक दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी को दबोच लिया और जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर जीआरपी दीपक पांडेय ने बताया कि आरोपी सतीश कुमार निवासी रायपुर अतरौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
जीआरपी ने दो लोग दबोचे
अलीगढ़। जीआरपी ने रविवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन से दो लोगाें को चाकू और मोबाइल सहित दबोच लिया। इंस्पेक्टर जीआरपी ने बताया कि अजय कुमार निवासी महगौरा इगलास और सुहैब निवासी अशोक बिहार लोनी गाजियाबाद को पकड़ा गया है। इनके पास से पुलिस ने एक चाकू और संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किया। दोनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।