दिनदहाड़े बस रुकवाकर बदमाशों ने व्यापारी को लूटा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
जट्टारी। टप्पल थाना क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर कुराना गांव के निकट शुक्रवार को दिनदहाड़े सशस्त्र लुटेरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। जट्टारी से जेवर जा रही बस को बंबा पर रुकवाने के बाद बदमाश बस में चढ़े। तमंचों का भय दिखाकर चालक, परिचालक समेत यात्रियों को काबू में किया और उसके बाद बस में बैठे कपड़ा व्यापारी से मारपीट करते हुए 22 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, कपड़े, पर्स, कागजात आदि लूटने के बाद बाइक से निकल भागे।
जेवर (गौतमबुद्धनगर) निवासी सुनील कुमार पुत्र प्यारेलाल जैन कपड़ों के बड़े व्यापारी हैं। शुक्रवार को वह जट्टारी में कपड़ा दुकानदारों के यहां तगादा लेने पहुंचे थे। दो-तीन दुकानदारों के यहां तगादा लेने के बाद जेवर के लिए निजी बस से लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे बाइक सवार करीब छह बदमाशों ने कुराना के समीप बंबा पर बस रुकवाई। रुकते ही सभी बस में चढ़ गए और तमंचे निकाल लिए। किसी के अपनी जगह से हिलने अथवा शोर करने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद व्यापारी सुनील कुमार को मारपीट कर रुपये, सामान आदि छीन लिया और बस से उतरकर भाग निकले। जानकारी लगते ही टप्पल, जेवर और जट्टारी के कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित व्यापारी से घटना की जानकारी ली। पीड़ित व्यापारी की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
- मैं अभी टप्पल क्षेत्र से बाहर हूं। थाने पहुंचने पर वारदात की जानकारी कर बस के चालक एवं परिचालक आदि से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सुनील कुमार, थाना इंचार्ज टप्पल।
पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती
जट्टारी। पुलिस के इकबाल को बदमाशों ने एक और खुली चुनौती दी है। शाम के चार बजे बीच सड़क चलती बस को रुकवाकर बदमाशों ने बस के अंदर व्यापारी को लूटा और फिर आराम से भाग निकले। इससे बड़ा खुला चैलेंज पुलिस के लिए और क्या हो सकता है? लोगों में चर्चा है कि अलीगढ़-पलवल मार्ग पर व्यापारियों के साथ पूर्व में भी लूटपाट की कई वारदातें हो चुकी हैं। दिनदहाड़े लूट की ऐसी वारदातों से कारोबारी डरे, सहमे हैं।
तो व्यापारी की हो रही थी रेकी
जिस तरह से व्यापारी सुनील कुमार के साथ लूट हुई है, उसको लेकर चर्चाएं हैं कि लुटेरे उनके जेवर से निकलने के बाद से ही रेकी कर रहे थे, अथवा जट्टारी में उनके नजर आने के बाद रेकी शुरू हुई। भरी बस रुकवाने के बाद बदमाश सीधे व्यापारी सुनील कुमार की सीट पर पहुंचे। उनसे मारपीट की और रुपये, सामान लूट ले गए। अन्य यात्रियों से लूटपाट नहीं हुई। इससे चर्चा है कि बदमाश लगातार उन पर नजर गड़ाए थे। शायद लुटेरों को व्यापारी के पास लाखों की नकदी की उम्मीद थी। उसी की तलाश में लुटेरों ने व्यापारी को मारापीटा भी।