तैनात पुलिस को चकमा दे कोर्ट में हाजिर हुआ गोपाल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
कैश वैन लूटकांड में फरार आरोपियों की तलाश और कोर्ट में सरेंडर रोकने में प्रयासरत पुलिस पूरी तरह से फेल हो गई। दीवानी के अंदर और बाहर स्वाट, एसओजी, थाना पुलिस सहित तमाम अमला तीन दिन से लगा था फिर भी योगेश ने गुरुवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सीजेएम न्यायालय ने उसे अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। जब पुलिस को यह खबर लगी तो हाथ मलती रह गई।
धनीपुर मंडी गेट पर हुए 34.50 लाख की लूट व सिक्योरिटी गार्ड की हत्या के मामले में फरार अपराधियों को लेकर एसओजी को जानकारी मिली रही थी कि फरार आरोपी कभी भी अदालत में समर्पण कर सकते हैं। तीन दिन पहले सुमित चौधरी के आने की तो खबर तक मिल गई थी लेकिन पुलिस की चौकसी को देख वह बिना समर्पण करें लौट गया था। दूसरे दिन पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात हो गई और वकीलों वाले कपड़े पहनकर पुलिस इधर उधर घूमने लगी।
दो दिन से तो दीवानी में स्वॉट टीम तक तैनात कर दी गई मगर गुरुवार को पुलिस की सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं में छेद करते हुए लूटकांड में फरार आरोपी गोपाल निवासी धनीपुर ने अदालत में समर्पण कर दिया है। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि अगर इसी तरह लुटेरे कोर्ट में हाजिर होते रहे तो लूटी गई रकम को कैसे बरामद हो सकेगी? गोपाल के इस तरह सपर्मण से पुलिस को एक बड़ा झटका लगा है।