स्टांप चोरी मामला-डीएम ने किया प्लाट का मौका मुआयना
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
तालानगरी स्थित प्लाट की खरीद में हुई कथित स्टांप चोरी प्रकरण में डीएम ने शनिवार को प्लाट पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार समेत अन्य अफसरों से मंत्रणा भी की।
बताते चलें कि ताला नगरी में चंद्रेश प्रकाश अग्रवाल ने एक प्लाट में से कुछ हिस्सा खरीदा था। लेकिन वहां सड़क तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं न होने के कारण वह अपनी इकाई स्थापित नहीं कर पाए।
इस बात की शिकायत उन्होंने जिलाधिकारी सहित अन्य कई स्तरों पर की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इधर इस मामले में शिकायत हुई कि चंद्रेश ने प्लाट खरीदने में स्टांप कम लगाकर राजस्व को चूना लगाया है। डीएम न्यायालय में बड़े प्लाटों की सैंपल के तौर पर हुई चेकिंग में भी इस प्लाट की खरीद में स्टांप कम होने का संदेह हुआ।
इसी तथ्य की पड़ताल के लिए जिलाधिकारी ने तहसीलदार कोल कौशल कुमार और लेखपाल, कानूनगो को सभी संबंधित दस्तावेजों सहित तालानगरी बुलाया। मौके पर देखा कि रामघाट रोड के सहारे नाले के लिए खुदाई की जा रही है और नाले के बाद ग्रीन बैल्ट के लिए कुछ जमीन छोड़कर तालानगरी की सर्विस रोड बनाने के लिए पत्थर पड़े हुए हैं।
जिलाधिकारी ने अपने अधीनस्थों के साथ प्लाट और उसके चारों ओर की जमीनों का बारीकी से मुआयना किया। तहसीलदार कोल कौशल कुमार ने बताया कि इस प्लाट की खरीद में करीब 11 लाख का स्टांप कम लगाया गया है। सारी असलियत जांच के बाद सामने आ जाएगी।
मंडलीय समीक्षा बैठक दस को
मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मंडलीय राजस्व फोर्स, कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक दस अगस्त को होगी। यह जानकारी देते हुए अपर आयुक्त प्रशासन आरके सिंह ने बताया कि कमिश्नर सुबह दस बजे से 11 बजे मंडलीय राजस्व फोर्स, कर करेत्तर एवं राजस्व संग्रह की समीक्षा करेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक विकास प्राथमिकता कार्यक्रम के 80 बिंदुओं एवं मुख्यमंत्री के प्राथमिकता के 31 बिंदुओं की समीक्षा करेंगे। दोपहर एक बजे से कानून एवं शांति व्यवस्था तथा महिला अपराधों की रोकथाम के संबंध में बैठक होगी।
इगलास में अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी दो से
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की परिकल्पना को साकार करने एवं उनके विचारों को जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए आयोजित अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी के क्रम में इगलास में दो से चार तक मेले का आयोजन कराया जाएगा। यह जानकारी देते हए डीएम ने क्षेत्रीय जनता से मेले में भाग लेने की अपील की।