न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
छात्र नेता एवं महिला कैबिनेट सदस्य के साथ अभद्र व्यवहार से भड़के छात्र संघ नेताओं ने एएमयू के रजिस्ट्रार आफिस के गेट को बंद कर दिया। इसकी वजह से अधिकारी एवं कर्मचारी समय सीमा समाप्त होने के बावजूद आफिस में फंसे रहे। छात्र नेताओं की प्रॉक्टोरियल टीम से झड़प भी हुई।
सुरक्षा कारणों से आफताब हॉल, प्रॉक्टर आफिस सहित एएमयू कैंपस में प्रवेश वाले अन्य कई गेट महीनों से बंद हैं। इसे खुलवाने को लेकर एएमयू के छात्र संघ अध्यक्ष सलमान इम्तियाज, उपाध्यक्ष हमजा सुफयान, सचिव हुजैफा आमिर, कैबिनेट सदस्यों एवं छात्रों के साथ अधिकारियों से मिलने पहुंचे। छात्रों की भीड़ देखकर सुरक्षाकर्मियों ने रजिस्ट्रार आफिस के मुख्य गेट को बंद कर दिया।
इसको लेकर छात्र नेताओं एवं सुरक्षाकर्मियों में काफी विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान छात्र नेताओं एवं महिला कैबिनेट के साथ किसी सुरक्षाकर्मी ने अभद्र व्यवहार कर दिया। इससे छात्र नेता काफी आक्रोशित हो गए। उनकी प्रॉक्टोरियल टीम के साथ नोकझोंक हो गई। आक्रोशित छात्र नेताओं ने गेट के अंदर से प्रॉक्टोरियल टीम को बाहर निकाल दिया। देर रात तक तक हंगामा जारी है। मामला बिगड़ने के बाद छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर धमकाने एवं बाहर के लोगों को बुलवाने का आरोप भी लगाया।
यह भी कहा कि यदि छात्रों के साथ कुछ होता है तो विश्वविद्यालय प्रशासन जिम्मेदार होगा। छात्र नेता 10-15 साल के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को दरकिनार कर जुगाड़ से चहेते लोगों को स्थायी नौकरी देने, नमाज पढ़ाने वाले मुफ्ती को बाहर कर दूसरे मुफ्ती को रखने एवं सेलेक्शन कमेटी में घालमेल करने का आरोप लगा रहे थे। छात्रों द्वारा गेट बंद किये जाने के कारण अधिकारी एवं कर्मचारी देर रात तक अपने-अपने कार्यालय में फंसे रहे। कुछ कर्मचारी दीवार आदि फांदकर किसी तरह निकल गए। देर रात तक छात्र नेताओं की अधिकारियों से बातचीत चल रही थी। इस संबंध में कोशिश के बावजूद रजिस्ट्रार, पीआरओ आफिस के एमआईसी शाफे किदवई एवं प्रॉक्टर प्रो. मोहसिन खान से बात नहीं हो सकी।