न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
अलीगढ़। मंडलायुक्त ने जल निगम अफसरों से मंडल में बंद पड़ी पेयजल योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने वर्तमान में निर्माणाधीन 21 परियोजनाओं में से मात्र तीन पूर्ण होने पर आपत्ति जताते हुए शेष परियोजनाओं को दिसंबर तक मय विद्युत कनेक्शन पूर्ण करने के आदेश दिए हैं।
मंडलायुक्त अजय दीप सिंह जल निगम की पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नयी व्यवस्था के तहत पेयजल परियोजना पूर्ण व संचालित होने पर 5 वर्षों तक जल निगम द्वारा एवं इसके पश्चात ग्राम पंचायतों द्वारा संचालन का कार्य सम्पादित किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना के तहत 124 में से 39 एवं ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत 53 परियोजनाओं में 9 परियोजनाएं बंद पाए जाने पर अधिशासी अभियंता विनेश कुमार को निर्देश दिये कि वे एक सप्ताह में बंद पड़ी सभी पेयजल परियोजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट करने के निर्देश दिये कि हाथरस में घरों में वाटर कनेक्शन हेतु 23 लाख रुपये जारी किए गये थे, जिसे वापस कर उसी कार्य के लिए पुन: धनराशि क्यों स्वीकृत कराई गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन के तहत ट्यूबवैलों के संचालन हेतु एकल, बहुल ग्राम समिति गठित करते हुए अध्यक्ष एवं सदस्यों को नामित कर दिया जाए।