न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एसी बसों में यात्रा करने वाले यात्री खुद को उस समय ठगा महसूस करते हैं। जब बेहतर सुविधाएं देने के नाम पर उनसे रकम तो वसूली जाती है, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जाती। कुछ इसी तरह का हाल है बुद्ध विहार डिपो की आगरा एवं नोएडा रोड पर चलने वाली एसी बसों का। ये एसी बस यात्रा के दौरान लोगों को पसीना बांट रहीं हैं। दूसरी तरफ न तो बसों के पर्दे ही साफ हैं और न ही पंखे ठीक हैं। एलईडी के नाम पर तो खुलकर मजाक किया जा रहा है। एलईडी के स्थान पर वर्तमान में शीशा लगा दिया गया है।
बुद्ध विहार डिपो की दोपहर तीन बजे आगरा जाने वाली एसी गाड़ी यूपी 81 बीटी 3205 की एसी की कूलिंग न होने पर यात्री परेशान हो गए। इस बस में सीट तो टूटी थी हीं, साथ ही पर्दे गंदे और यात्री सीट के ऊपर लगे पंखे खराब थे। कई सीट पर तो पंखे ही गायब मिले।
भीषण गर्मी में साधारण बस में यात्रा न करके यात्री एसी बसों में इसलिए यात्रा करता है कि उसे गर्मी से राहत मिले, लेकिन परिवहन निगम और बस आपरेटर की साठगांठ से उसकी जेब पर डाका डाला जा रहा है। कुछ इसी तरह का हाल बुद्ध विहार की आगरा-अलीगढ़ रोड की बस संख्या यूपी 81 बीटी 3946 व नोएडा जाने वाली यूपी 81 बीटी 3207 का भी है।
अलीगढ़ डिपो की एसी बसों की हालत मिली ठीक
एसी बसों की पड़ताल में अलीगढ़ डिपो की बसों की हालत काफी ठीक मिली। हालांकि इन बसों में भी एलईडी टीवी नहीं थी, लेकिन बाकी सब ठीक मिला।
बसों में फिर से मिलने लगा लोकल कंपनी का पानी
एसी बसों में यात्रियों को मिलने वाली पानी की बोतल की गुणवत्ता के संबंध में छात्र नेता अमित गोस्वामी ने प्रमुख सचिव परिवहन, एडीएम सिटी एवं रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक से शिकायत की थी। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया और ब्रांडेड कंपनी की बोतल यात्रियों को दी जाने लगी। लेकिन इसके चार दिन बाद ही दोबारा से लोकल कंपनी का पानी यात्रियों को दिया जा रहा है।
यदि मेरी डिपो की एसी बसों में कमियां है तो निरीक्षण कर बस आपरेटर से इन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए जाएंगे। यात्रियों के साथ कोई धोखा या ठगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम बुद्ध विहार डिपो
दोपहर एक बजे की इस बस से अक्सर आगरा जाता हूं। कूलिंग की व्यवस्था तो ठीक है, लेकिन पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं है। पानी लोकल कंपनी का दिया जाता है। - शमशेर सिंह यात्री
दोपहर की बस में पहली बार जा रहा हूं। अभी तक तो सब ठीक है। आगे एसी की कूलिंग कम हो जाए तो अल्लाह मालिक है। - डॉ. वसीम हुसैन यात्री
मैं अक्सर दोपहर एक बजे की बस से आगरा जाती हूं। पहले जितनी भी बार गई, कोई परेशानी नहीं हुई। - साधना माहेश्वरी यात्री
एसी बस केवल नाम की है। गर्मी के मारे हालत खराब है। पसीना पोंछने के लिए हाथ में रुमाल रखना पड़ रहा है। एसी तो चल रहा है, लेकिन कूलिंग नहीं है। - दीपक शर्मा यात्री
बस में कूलिंग ठीक नहीं है। पानी की बोतल भी छोटी है। पानी की बोतल कम से कम 500 एमएल की तो होनी ही चाहिए। - विजय कुमार यात्री
बस नाम के लिए ही एसी है, कूलिंग तो हो नहीं रही है। सीट के ऊपर लगे पंखे भी खराब हैं। बस में पानी भी मांगने पर मिला है। - पियूष कुमार यात्री
अलीगढ़ से आगरा व नोएडा जाती हैं 15 एसी बस
बुद्ध विहार डिपो की आगरा रोड पर तीन तथा नोएडा पर चार एसी बस संचालित हैं। इसी तरह अलीगढ़ डिपो की आगरा के लिए तीन तथा नोएडा के लिए पांच बस पूरे दिन भर में सफर तय करती हैं।