न्यूज डेस्क, अमर उजाला गोंडा (अलीगढ़)।
क्षेत्र के ग्राम हिरनोटी में एलटी लाइन का जर्जर तार टूट कर गोवंश के ऊपर गिर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जर्जर लाइन के कारण हुए हादसे पर ग्रामीणों ने रोष जताते हुए जर्जर लाइन बदलवाने की भी मांग की।
ग्राम निवासी धारा सिंह पुत्र खजान सिंह ने बताया कि वे गुरुवार सुबह बैल को बुग्गी में जोत रहे थे। इसी दौरान एलटी लाइन का जर्जर लोहे का तार टूट कर बैल के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, गनीमत रही कि वे जब तक वहां से हट चुके थे, वरना बड़ा हादसा होता।
उधर हादसे पर ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, शायद विभाग किसी बड़ी जनहानि के इंतजार में है। कई वर्षों से लाइन के लोहे के तार नहीं बदले गए हैं। ग्रामीणों ने जर्जर लाइन को बदलवाने की मांग की है।