न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राजकीय कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में अब तक दुकानें खाली हैं और दुकानदाराें का इंतजार है। आलम ये है कि उद्घाटन के बाद भी शिल्पग्राम की 40 दुकानें अब तक दुकानदारों का इंतजार कर रही हैं।
महात्मा गांधी चौराहे के पास के दो बड़े शो रूम वाली दुकानें अब तक नहीं उठी हैं। इसी तरह से नुमाइश के कई बाजारों में अब तक फड़ की दुकानें नहीं उठी हैं। जिससे नुमाइश में रौनक नहीं है।
इसको लेकर एडीएम सिटी एसबी सिंह ने अधीनस्थों के पेंच कसे। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द इन दुकानों को उठाया जाए। इसके लिए दुकानदारों से संपर्क किया जाए। इसके बाद नुमाइश बाबू सहित अन्य स्टाफ कर्मियों ने दुकानदारों से संपर्क कर जल्द से जल्द आने का आग्रह किया।
इधर, अधिकारियों ने कोहिनूर मंच, कृष्णांजलि सभागार, मुक्ताकाश मंच और दूसरे मंचों पर होने वाले कार्यक्रमों के संयोजकों को भी समय से कार्यक्रम शुरू करने और समय से समापन करने के लिए कहा गया है, जिससे दर्शकों को कार्यक्रम के लिए इंतजार न करना पड़े।
और एक के बाद दूसरे कार्यक्रम के आयोजकों को भी बेवजह परेशान न होना पड़े। इसके लिए कुछ लोगों को जिम्मेदारी दी जा रही है।