मशाल जुलूस के दौरान झुलसने से बची आंगनबाड़ी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अपनी मांगाें को लेकर पिछले करीब सवा माह से कलक्ट्रेट पर धरना दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के तेवर मंगलवार को तल्ख हो गए। उन्होंने घंटाघर से कलक्ट्रेट तक मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान मशाल से पन्नी गिरने से संगठन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मृदुला सिंह समेत कुछ अन्य कार्यकर्ता जलने से बाल बाल बचे। इसके बाद एसीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
आंगनबाड़ियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने समेत अन्य मांगों को लेकर महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनरतले कलक्ट्रेट पर धरना करीब सवा माह से चल रहा है। इस दौरान निकाय चुनाव आए और खत्म हो गए, लेकिन कार्यकर्ताओं ने चुनावों का बहिष्कार कर धरना जारी रखा। सोमवार को प्रदेश सरकार की बुद्धि शुद्धि यज्ञ करने के बाद मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने घंटाघर से मशाल जुलूस निकाला। वरिष्ठ उपाध्यक्ष मृदुला सिंह ने बताया कि बुधवार को रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ता एकत्र होंगी और यहां से कलक्ट्रेट तक रैली निकाली जाएगी। इस मौके पर सुधा, साध्वी, विजय कुमारी, साधना कुमारी, निशा राजपूत, शशि रानी आदि मौजूद रहीं।