1.33 करोड़ का गबन, 11 माह में रिजल्ट शून्य
ब्यूरो अमर उजाला अलीगढ़।
जिला सहकारी बैंक की गोंडा शाखा के तीन कर्मचारियों ने करीब 90 खाताधारक किसानों के एक करोड़ 33 लाख रुपये हड़प लिए। गबन करने के बाद ये कर्मचारी लंबे समय से गायब हैं और पीड़ित किसान लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। बैंक प्रबंधन जहां उनकी रकम वापस नहीं कर रहा, वहीं रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी घपले में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। अब पीड़ित किसानों व खाताधारकों ने डीएम को ज्ञापन देकर चेतावनी दी है कि यदि उनकी धनराशि सप्ताह भर में वापस न दिलाई गई, तो वे आमरण अनशन, घेराव व आंदोलन करेंगे।
जिला सहकारी बैंक की गोंडा शाखा में काफी खाताधारक बैंक के कर्मचारियों पर विश्वास पर उन्हें अपने बचत खातों में रुपये जमा कराने के लिए दे आते थे। यहां तीन बैंक कर्मचारियों ने छल कर करीब 90 खाताधारकों के एक करोड़ 33 लाख रुपये का गबन कर लिया। उसके बाद यह कर्मचारी वहां से गायब हो गए। इन खाताधारकों को जब यह जानकारी हुई कि उनके खाते से रकम गायब है, तो वे आला अधिकारियों से मिले। 11 माह पुराने इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन किसी भी आरोपी को अभी तक नहीं पकड़ा है। किसी पीड़ित को उसकी धनराशि भी वापस नहीं मिली है। ऐसे में अब ये खाताधारक डीएम से मिले। खाताधारकों का कहना था कि इतने बड़े घोटाले में बैंक प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन दोनों खामोश हैं। यदि एक सप्ताह के अंदर उनके बचत खातों में धनराशि नहीं आई, तो आमरण अनशन व कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।