महावीर पार्क में पार्टी से लौटती महिलाओं को लूटा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर में छिनैती और लूटपाट की वारदातें थम नहीं पा रहीं। बुधवार को दिन छिपते ही क्वार्सी और सासनी गेट इलाके में लूट की तीन वारदात हो गईं।
जनकपुरी महावीर पार्क निवासी बांस व्यापारी आदेश की पत्नी अपर्णा व पड़ोस की महिला प्रथा पत्नी संजय मैरिस रोड के एक रेस्तरां में किटी पार्टी में शामिल होने गई थीं। देर रात वह पैदल लौट रही थीं। एलआईसी वाली गली में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया। एक महिला से पर्स व दूसरी से चेन उतरवा ली। पर्स में महिला का मोबाइल, 1200 रुपये, घर की चाभियां आदि थीं। बाद में धमकी देते हुए बदमाश भाग गए। सूचना पर इलाके के भाजपा पार्षद पुष्पेंद्र सिंह जादौन पहुंच गए। उनकी सूचना पर क्वार्सी पुलिस आ गई। देर रात पुलिस सीसीटीवी की मदद से बदमाशों तक पहुंचने को प्रयासरत थी।
इधर, सासनी गेट में सराय लड़िया निवासी अनुज कुमार आगरा रोड पर ज्ञान गेस्ट हाउस आया था। देर रात पैदल घर लौटते समय बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया और तमंचे से डरा धमकाकर 5 हजार रुपये लूट लिए। इसी तरह खिरनी गेट निवासी सुनीता अपने रिश्तेदार के घर आवास विकास कॉलोनी से लौट रही थी। स्काई टॉवर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पर्स लूट लिया। पर्स में सात हजार रुपये व मोबाइल था। इन दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई। मगर इंस्पेक्टर ने संज्ञान होने से इंकार किया है।
कार से चोरी में छोड़ भागे दो लैपटॉप
नौरंगाबाद पुल के पास देर शाम एक अजीब घटनाक्रम हुआ। यहां एक घर के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर बाइक सवार दो युवक बैग चोरी कर ले गए। बैग में जरूरी कागजों के अलावा कुछ नहीं था। मगर जब चोरी होने पर पब्लिक एकत्रित हुई तो कार के पास दो अन्य बैग पड़े मिले। उन दोनों बैगों में दो लैपटॉप थे। अंदेशा है कि हड़बड़ाहट में बदमाश इन दोनों बैगों को छोड़ गए। यह भी कहीं से चोरी किए गए होंगे। इस सूचना पर गांधीपार्क पुलिस पहुंच गई और मामले की जांच में जुटी है।