मेडिकल कॉलेज में मरीजों की जान से खिलवाड़
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में सक्रिय रैकेट मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। फर्जी डॉक्टर के पास से चार ब्लड सैंपल बरामद होने का रहस्योघाटन होने के बाद मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई है। कैंपस में इस बात की जोरदार चर्चा है कि दलालों की पहुंच काफी अंदर तक है।
दो दिन पहले जेएन मेडिकल कॉलेज में फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया था। एएमयू के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से चिकित्सा में प्रयोग आने वाले सामान आदि बरामद हुए थे। पुलिस ने उसके पास से चार ब्लड सैंपल बरामद किये हैं।
अब सवाल उठता है कि यह सैंपल उसने किन मरीजों से लिए हैं और उनकी पहचान क्या है। गहन जांच के बाद इसमें सक्रिय पैथोलोजी लैब आदि का खुलासा होने की उम्मीद है।
कैंपस में यह भी चर्चा है कि पकड़े गये युवक के साथ एक युवती भी मेडिकल में आती थी। इस संबंध में जेएन मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों का कहना है कि मामला थाने में है। आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।