टिर्री चालक पर मुकदमा..वैन सवारों की तलाश
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय से शनिवार को दिनदहाड़े हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की 10 वर्षीय बेटी के अपहरण में टिर्री चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि उसे अगवा कर ले गए वैन सवारों की जांच के आधार पर पुलिस तलाश की बात कह रही है। अभी बच्ची के परिजनों के नए सिरे से बयान आदि के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बता दें कि मूल रूप उझयानी बदायूं निवासी यतेंद्र शर्मा दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। वे परिवार सहित कैंपस में ही सरकारी आवास में रहते हैं।
उनकी इकलौती 10 वर्षीय बेटी रुद्रांशी विजडम पब्लिक स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बच्ची मां से दस रुपये लेकर अस्पताल के गेट पर दुकान से अपने लिए चिप्स लेने निकली।
तभी कैंपस में ही घूमती मारुति वैन सवार तीन लोग उसे झटके से कार में अगवा कर ले गए। हालांकि बाद में वह उसे गांधीपार्क पर छोड़ गए, जहां से टिर्री चालक लक्ष्मण पुत्र शेर सिंह निवासी नगला डालचंद्र क्वार्सी लेकर कयामपुर के जंगलों में पहुंच गया और वहां रोने पर ग्रामीणों ने बच्ची को बचाया।
इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार बच्ची के पिता की तहरीर पर टिर्री चालक पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और वैन सवारों की तलाश के प्रयास जारी हैं।