बीडीओ से मारपीट के दोषी प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
गुरुवार को कोटा दाऊपुर में राशन डीलर के चुनाव के दौरान अपने प्रत्याशी की हार से बौखलाए प्रधान एवं उसके समर्थकों द्वारा बीडीओ समेत अन्य कर्मचारियों से की गई मारपीट के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने घटना से संबंधित सभी पत्रावलियां तलब कर ली हैं। अब कार्रवाई की तैयारी है।
बताते चलें कि गांव कोटा दाऊपुर में गुरुवार को राशन डीलर का चुनाव हुआ था। चुनाव में प्रधान पक्ष से नूर हसन एवं दूसरे पक्ष से अब्दुल कलाम आजाद खड़े थे। चुनाव के दौरान प्रधान पक्ष का प्रत्याशी 21 वोट से हार गया।
हार से बौखलाए प्रधान पक्ष के लोगों ने बीडीओ एवं अन्य कर्मचारियों पर हमला बोलते हुए पिटाई की थी। इस मामले में बीडीओ राजवीर सिंह ने नूर हसन समेत प्रधान पति आफाक खां समेत चार को नामजद करते हुए करीब 250-300 समर्थकों के खिलाफ जवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सीडीओ दिनेश चंद्र ने बताया कि मामले से संबंधित सभी पत्रावलियां तलब कर ली गई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कर्मचारियों से मारपीट एवं सरकारी काम में दखल देने वाले प्रधान एवं उसके समर्थकों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।