किराए के फर्नीचर पर बैठकर पढ़ेंगे मॉडल स्कूलों में विद्यार्थी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
जिले के चारों मॉडल स्कूलों में फिलहाल किराए का फर्नीचर होगा। यहां एक-एक शिक्षक की तैनाती कर दी गई है और जल्द ही अन्य शिक्षकों की तैनाती भी कर दी जाएगी। सोमवार से इन विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शासन ने सभी मॉडल स्कूलों का नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज कर दिया है और इसी सत्र में इनके संचालन के आदेश दिए हैं। यहां भी चारों मॉडल स्कूलों के संचालन का काम शुरू हो गया है। चारों विद्यालयों में एक-एक शिक्षक की तैनाती कर दी गई है।
इसमें खेड़ा सत्तू में विक्रम विद्या मंदिर राजकीय इंटर कॉलेज के रिषीकुल तिलक पांडेय, अभिनव विद्यालय छलेसर में तैनात रमेश चंद शर्मा को टमोटिया, हरेंद्र सिंह चौहान को जहराना व जीजीआईसी गौरई के जयप्रकाश माथुर को बडे़सरा में तैनात किया गया है। इन विद्यालयों में राजकीय इंटर कॉलेजों के सेवानिवृत्त शिक्षक के आवेदन भी मांगे गए हैं। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जब तक फर्नीचर की व्यवस्था न हो, तब तक किराए पर फर्नीचर ले लिया जाए। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जल्दी ही अन्य शिक्षक भी तैनात हो जाएंगे।